कैच द रेन अभियान अंतर्गत जल संवाद व सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ जागरूकता आयोजित

aaryawart duniya
0




राजमहल शहर के प्लस टू जेके उच्च विद्यालय, राजमहल में नगर पंचायत के द्वारा बुधवार को कैच द रेन 2026 अभियान के अंतर्गत जल संवाद कार्यक्रम तथा सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के तहत एक विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नगर प्रबंधक बीरेश कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. अभिजीत कुमार, अन्य शिक्षकगण, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, नगर पंचायत के कनीय अभियंता जितेश कुमार चौधरी तथा अन्य कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, जल स्रोतों के संरक्षण, भू-जल स्तर में वृद्धि तथा दैनिक जीवन में जल के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि जल की प्रत्येक बूंद अमूल्य है तथा वर्तमान समय में जल संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से अपने घरों एवं आसपास के लोगों को भी वर्षा जल संचयन एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

इसके साथ ही सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के अंतर्गत व्यक्तिगत स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, स्वच्छ वातावरण एवं स्वच्छ आदतों के माध्यम से विभिन्न संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ घर एवं स्वच्छ नगर के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से "जल शपथ" ग्रहण की। सभी ने जल का दुरुपयोग नहीं करने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। वही नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि विद्यालयों में आयोजित इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों एवं युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नगर पंचायत भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करती रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!