![]() |
| MLA rajmahal |
राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र में बुधवार को करीब 52.04 लाख रुपये की लागत से सात विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया. नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन एवं वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर योजनाओं का शुभारंभ किया. वार्ड संख्या छह में समसानघाट स्थित सार्वजनिक शौचालय के जीर्णोद्धार पर 8.19 लाख रुपये खर्च होंगे. वार्ड चार में एनएच-80 से जयदेव दत्ता के घर तक पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण के लिए 4.80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं. वार्ड एक में एनएच-80 हाउस ऑफ आजाद से छोटी मस्जिद तक पीसीसी सड़क का निर्माण 2.44 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा. इसी प्रकार वार्ड दस में एमडी अजहरुद्दीन से विषहरी स्थान एवं यूसुफ शेख के घर तक पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण पर 8.48 लाख रुपये खर्च होंगे. वार्ड 13 में जमाल शेख के घर से कुतुबुद्दीन के घर तक पेवर ब्लॉक सड़क का निर्माण 9.96 लाख रुपये से कराया जाएगा. वार्ड चार में मटाहर शेख के घर से विभिन्न स्थानों तक पेवर ब्लॉक एवं पीसीसी सड़क निर्माण पर 8.21 लाख रुपये तथा वार्ड पांच में एनएच-80 से मैना तालाब तक पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण पर 9.93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. कार्यक्रम में विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है. आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. उन्होंने संबंधित एजेंसियों को सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में चयनित विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया. मौके पर वार्ड पार्षद सन्नी साह, राजकुमार मंडल, उज्ज्वल हलदार, अनीता बसाक, गीता बर्मन, आलोक राय, मो. बरकत, मो. अयूब सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

