![]() |
| Kishan |
राजमहल किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने एवं सरकारी कृषि योजनाओं की जानकारी सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजमहल प्रखंड में बिरसा कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। यह रथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। एवं रथ के माध्यम से किसानों को खरीफ फसलों के उन्नत उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण बीजों के चयन, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन, जल संरक्षण, आधुनिक सिंचाई तकनीकों तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही कृषि विभाग एवं आत्मा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को इनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। बिरसा कृषि रथ में प्रदर्शित दृश्य-श्रव्य सामग्री, जानकारी परक पोस्टर एवं कृषि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के माध्यम से किसानों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से कृषि संबंधी नवीन तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अपने क्षेत्र में रथ के आगमन पर आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन लागत कम करने और आय बढ़ाने का प्रयास करें।
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह जागरूकता अभियान निर्धारित कार्यक्रम के तहत लगातार संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान नवीन कृषि तकनीकों एवं विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। विभाग का मानना है कि ऐसी पहल किसानों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ कृषि उत्पादन और आर्थिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के दौरान बीटीएम संजय कृष्ण रंजन, एटीएम प्रवीण कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

