बरहरवा। झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड अंतर्गत केंदुआ बरहरवा गांव के रहने वाले राज आमिर ने अपनी मेहनत और हुनर के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज आमिर ने PIWF Wedding Awards 2026 में ‘बेस्ट एडिटर अवार्ड’ अपने नाम कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
PIWF को वेडिंग फिल्ममेकिंग और एडिटिंग के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित मंच माना जाता है। इस मंच तक पहुंचना देशभर के कई वेडिंग फिल्ममेकर और एडिटर्स का सपना होता है। ऐसे बड़े मंच पर राज आमिर का सम्मानित होना उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे साहिबगंज और झारखंड के लिए गौरव की बात है।
4,000 से अधिक एडिटर्स के बीच हासिल किया मुकाम
बताया गया कि PIWF Wedding Awards 2026 के वीडियो सबमिशन और ऑक्शन प्रोसेस में देश के अलग-अलग राज्यों से 4,000 से अधिक एडिटर्स ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बीच राज आमिर ने अपनी एडिटिंग प्रतिभा और रचनात्मकता से जजों को प्रभावित किया और बेस्ट एडिटर अवार्ड हासिल किया।
राज आमिर की इस सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत और संघर्ष की कहानी है। केंदुआ बरहरवा जैसे छोटे से गांव से अपने सफर की शुरुआत करने वाले राज आमिर ने सीमित संसाधनों और तमाम चुनौतियों के बावजूद एडिटिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
परिवार और सहयोगियों को दिया सफलता का श्रेय
अवार्ड मिलने के बाद राज आमिर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अम्मी-पापा और उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने उनके संघर्ष के दौरान उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि वह इस सम्मान को झारखंड और साहिबगंज जिले के लोगों को समर्पित करते हैं।
राज आमिर वर्तमान में अपने ‘ड्रीम वेडिंग स्टूडियो’ के माध्यम से वेडिंग एडिटिंग के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार मेहनत, सीखने की इच्छा और अपने काम के प्रति जुनून ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
छोटे गांव से राष्ट्रीय मंच तक का सफर
राज आमिर की यह उपलब्धि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ा सपना देखते हैं। एक छोटे से गांव से निकलकर देशभर के हजारों प्रतिभागियों के बीच अपनी पहचान बनाना यह साबित करता है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर किसी भी बड़े मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
राज आमिर की इस उपलब्धि से केंदुआ बरहरवा समेत पूरे साहिबगंज जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
