राजमहल प्रखंड क्षेत्र के खुटहरी पंचायत अंतर्गत जयरामडांगा आंगनवाड़ी केंद्र का नवीनीकरण किया गया। इस दौरान शुक्रवार को बाल विकास परियोजना पदाधिकारी दानिश हुसैन, महिला पर्यवेक्षिका, खुटहरी पंचायत के मुखिया मसीह टुडू, निर्देश संस्था के कार्यक्रम प्रबंधक राजीव कुमार, ग्राम विकास समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन सह हस्तांतरण किया गया। एवं आंगनवाड़ी केंद्र का नवीनीकरण एलआईसी एचएफएल सीएसआर के सहयोग से एलआईसी एचएफएल हृदय परियोजना के अंतर्गत निर्देश संस्था द्वारा कराया गया। एवं नवीनीकरण के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र में मरम्मत कार्य, बाला पेंटिंग, फ्लोर पेंटिंग, बच्चों के लिए खेल एवं पठन-पाठन सामग्री, डिजिटल स्लेट, टीवी आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे बच्चों को आकर्षक एवं आनंददायक शिक्षण वातावरण मिल सके।इसके पश्चात सीडीपीओ के द्वारा फीता काटकर टीवी का शुभारंभ किया गया और आंगनवाड़ी केंद्र में कराए गए सभी कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाला पेंटिंग, लर्निंग कॉर्नर एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर निर्देश संस्था के कार्यक्रम प्रबंधक ने संस्था द्वारा हृदय परियोजना के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का संक्षिप्त परिचय दिया। वही बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने कहा कि निर्देश संस्था द्वारा बहुत ही सराहनीय कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि अब इसका सही ढंग से उपयोग कर बच्चों को अच्छी शिक्षा दी जाए, ताकि बच्चे गर्व से कह सकें कि उन्होंने इसी आंगनवाड़ी केंद्र से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्रारंभ की थी। एवं आंगनवाड़ी सेविका को विधिवत हस्तांतरण पत्र सौंपते हुए आंगनवाड़ी का सुचारू रूप से नियमित संचालन करने एवं सभी सामग्रियों के रख-रखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस पर सेविका दीदी ने बताया कि नवीनीकरण के बाद बच्चे आंगनवाड़ी आने के लिए बहुत उत्साहित रहते हैं और समय से पहले ही आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से पालन करेंगी।


