राजमहल प्रखंड क्षेत्र में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार की सुबह प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने दाहुटोला पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, विधायक प्रतिनिधि सह राजमहल नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख सहित अन्य ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का भौतिक जायजा लिया। एवं भ्रमण के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। प्रभावित लोगों ने बाढ़ के कारण उत्पन्न परेशानियों, आवागमन की समस्या, खाद्य सामग्री की आवश्यकता सहित पशुओं के लिए चारे की कमी की जानकारी पदाधिकारियों को दी। एवं अधिकारियों ने लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू एवं नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख के हाथों बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राहत सामग्री का वितरण किया गया। बताया गया कि दाहुटोला पंचायत क्षेत्र में करीब 600 बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। वहीं बाढ़ के कारण पशुपालकों के समक्ष उत्पन्न चारे की समस्या को देखते हुए 225 पशुपालकों के बीच पशुचारा भी वितरित किया गया। राहत सामग्री मिलने के बाद प्रभावित परिवारों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। वहीं पंचायत जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की वर्तमान स्थिति को रखते हुए कहा कि बाढ़ का पानी अभी भी कई इलाकों में जमा है और प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त राहत सामग्री एवं पशुचारा की जरूरत है। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने आगे भी पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।
इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त राहत सामग्री एवं पशुचारा जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखने की बात कही।

