राजमहल नगर क्षेत्र स्थित पीएमश्री राजकीय मध्य विद्यालय नया बाजार का गुरुवार को झारखंड शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव संजय कुमार प्रसाद ने निरीक्षण किया। संयुक्त सचिव ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के पठन-पाठन, मध्यान भोजन सहित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। संयुक्त सचिव ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके पठन-पाठन, कक्षा में होने वाली शैक्षिक गतिविधियों तथा विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से कई सवाल भी पूछे और उनकी शैक्षणिक समझ को परखा।इसके अलावा संयुक्त सचिव ने विद्यालय में संचालित मध्यान भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, वितरण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यालय की समग्र व्यवस्था एवं साफ-सफाई को भी देखा गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार ने संयुक्त सचिव संजय कुमार प्रसाद को ‘मां के नाम एक पौधा’ भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण का संदेश भी दिया गया। वहीं विद्यालय की बाल संसद के प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री एवं अन्य मंत्रीगण भी मौके पर उपस्थित रहे। बाल संसद के सदस्यों ने संयुक्त सचिव का चंदन तिलक लगाकर स्वागत किया। विद्यार्थियों द्वारा किए गए इस आत्मीय स्वागत से संयुक्त सचिव काफी प्रभावित नजर आए।
विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेने के बाद संयुक्त सचिव ने विद्यालय की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय में संचालित गतिविधियों और विद्यार्थियों की भागीदारी को भी देखा तथा विद्यालय परिवार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। बताया गया कि संयुक्त सचिव द्वारा राजमहल क्षेत्र के कई विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में वे पीएमश्री राजकीय मध्य विद्यालय नया बाजार पहुंचे और विद्यालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं तथा सरकार की ओर से संचालित शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेना रहा। मौके पर नवीन मिश्रा, अविनाश सर, शोभा शाह, मेरी सुहासिनी हांसदा, अशोक हलदार, जितेंद्र कुमार, कालीपद पॉल, आईसीटी इंस्पेक्टर आलम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

