राजमहल मॉडल कॉलेज में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की यूनिट-1 एवं यूनिट-2 द्वारा गोद लिए गए ग्राम सालबनी एवं भाटो टोला में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन सत्र सम्पन्न हुआ। इस दौरान कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा अमर शहीद सिदो-कान्हु मुर्मू के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंचलाधिकारी मोहम्मद यूसुफ, नगर पंचायत प्रशासक दानिश हुसैन, डॉ. सुब्रत सिंह एवं सामाजिक कार्यकर्ता मो मुर्शिद राजा उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रमजान अली ने एनएसएस का संक्षिप्त परिचय देते हुए इसके उद्देश्य, आदर्श एवं समाज सेवा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
नगर पंचायत प्रशासक दानिश हुसैन ने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें तथा जन-जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। वही अंचलाधिकारी मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि पहले स्वयं जागरूक बनना आवश्यक है, तभी दूसरों को प्रभावी ढंग से जागरूक किया जा सकता है। सामाजिक कार्यकर्ता मो मुर्शिद राजा ने कहा कि किसी भी कार्य की सफलता केवल कर्म और समर्पण से ही सिद्ध होती है।
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्रों का व्यक्तित्व विकास, चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा के माध्यम से जिम्मेदार नागरिक बनाता है, साथ ही समाज को जागरूक, संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनाने का सशक्त माध्यम है। स्वयंसेवकों को पहले स्वयं जागरूक बनना होगा, तभी वे समाज में जागरूकता का प्रभावी संदेश पहुँचा सकेंगे।

