![]() |
| नगर पंचायत राजमहल |
राजमहल नगर पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद गुरुवार को नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों नगर अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू सहित सभी वार्ड पार्षदों ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे. इस अवसर पर नगर पंचायत के प्रशासक दानिश हुसैन ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का पौधे एवं अंग वस्त्र देकर स्वागत किया और उन्हें बधाई दी. कार्यालय में आयोजित इस औपचारिक मुलाकात के दौरान प्रशासक ने कहा कि नगर के समुचित विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पार्षद आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नगर की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे. इस दौरान नगर क्षेत्र की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा की गई. नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्ड की समस्याओं से अवगत कराया और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की बात कही. वहीं सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर के विकास के लिए मिलजुल कर कार्य करने का संकल्प लिया, ताकि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो. मौके पर नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद राजकुमार मंडल, अनीता बसाक, सन्नी कुमार साहा, गीता बर्मन, उज्जवल हलदार, जोली राय, आमिर कुमार मंडल, रिंकी कुमारी, राजू सरकार, मो बरकत अली, संजीदा बीवी, कफीरन बीवी सहित कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे.

