राजमहल मॉडल कॉलेज में गुरुवार को कॉलेज के प्राचार्य डॉ रणजीत कुमार सिंह का जन्मदिवस अत्यंत हर्षोल्लास एवं पर्यावरणीय चेतना के साथ मनाया गया. इस अवसर पर शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से सहभागिता निभाते हुए हरित पृथ्वी हरित परिसर के प्रेरक नारे के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया. एवं कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जन्मदिवस का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को सुदृढ़ करना रहा. महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए, जिससे परिसर को और अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाया जा सके. इस अवसर पर डॉ रमजान अली ने प्राचार्य को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षक प्रबीर सिंह ने प्राचार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजमहल ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण की जो लौ डॉ रणजीत ने जली है, उसे निरंतर प्रज्वलित रखा है. उनका प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. वहीं डॉ अमित कुमार ने भी प्राचार्य के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि डॉ रणजीत कुमार सिंह ने सदैव पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्राथमिकता में रखा है और महाविद्यालय को हरित परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया है. कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ रणजीत कुमार सिंह ने उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि कोई भी आयोजन हो, पेड़ जरूर लगाए व पृथ्वी माँ की रक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है. यदि हम पर्यावरण को सुरक्षित रखेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियाँ सुरक्षित रहेंगी. मौके पर कविंद्र पासवान, मोहन सिंह, सुमित साह, करमु महतो, बबलू हेम्ब्रम, उषा, सौरभ कुमार साह, पीयू मंडल, सुमन सिंह, नरेश कुमार, छात्र राहुल, कुंदन, आर्यन, खुशी, मीठी सहित अन्य उपस्थित थे.
