प्रयागराज कैंट थाना पुलिस ने तीनपहाड़ थाना पुलिस के सहयोग से दो स्थानों पर की छापेमारी, घर पर नहीं मिलीं दोनों महिलाएं
तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाकुडी में अब दूसरे राज्यों की पुलिस भी दस्तक देने लगी है। बुधवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के कैंट थाना की पुलिस दो महिलाओं की गिरफ्तारी के लिए तीनपहाड़ थाना पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई, लेकिन पुलिस को दोनों महिलाएं घर पर नहीं मिलीं।मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज कैंट थाना पुलिस बुधिया देवी, निवासी फाटक टोला बाकुडी तथा नीलम देवी, निवासी नीचे टोला तीनपहाड़ की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। इस संबंध में प्रयागराज कैंट थाना के एसआई हरिमोहन लिटोरिया ने बताया कि किशोर न्याय बोर्ड, खुल्दाबाद प्रयागराज की ओर से गिरफ्तारी को लेकर एनबीडब्ल्यू (गैर-जमानती वारंट) जारी किया गया है।इसी वारंट के अनुपालन में तीनपहाड़ थाना पुलिस की मदद से दोनों महिलाओं के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान दोनों अपने-अपने घरों पर मौजूद नहीं थीं, जिसके कारण उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी
गौरतलब है कि इससे पहले भी तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाकुडी में बंद पड़े ब्लैक स्टोन क्रशर से हजारों रुपये के लोहे की चोरी को लेकर खबर सामने आई थी। वहीं, स्थानीय क्रशर मालिक अजय गुप्ता ने भी अपने क्रशर से लाखों रुपये के सामान चोरी होने की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि उनके क्रशर से लोहा, क्रशर के दांत, बेयरिंग, हाईवा स्पेयर पार्ट्स, ट्रैक्टर के सेल्फ और बैटरी समेत कई कीमती सामान चोरी हुए हैं। इस संबंध में पुलिस को आवेदन भी दिया गया था।फिलहाल, प्रयागराज पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है कि अब बाकुडी में स्थानीय मामलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों की पुलिस की कार्रवाई भी देखने को मिल रही है।

