![]() |
| मोतिझारना संयुक्त सचिव |
तालझारी।साहिबगंज जिले के तालझारी प्रखंड अंतर्गत महाराजपुर स्थित प्रसिद्ध मोतीझरना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल शुरू हो गई है। ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव जितेन्द्र कुमार देव द्वारा मोतीझरना का निरीक्षण कर विकास योजनाओं का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिए जाने के बाद क्षेत्र में पर्यटन विकास की उम्मीद जगी है। वहीं, भाजपा के तालझारी प्रखंड अध्यक्ष ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए आसपास हो रहे खनन कार्य और हैवी ब्लास्टिंग को लेकर चिंता जताई है।
भाजपा प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि मोतीझरना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार की पहल काफी अच्छी है। इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर विकास की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। लेकिन सवाल यह है कि एक ओर मोतीझरना को पर्यटन स्थल बनाने की योजना तैयार की जा रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ किलोमीटर की दूरी पर हैवी ब्लास्टिंग के जरिए खनन कार्य किया जा रहा है।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब आसपास खनन कार्य और हैवी ब्लास्टिंग जारी है, तो ऐसे में मोतीझरना के प्राकृतिक सौंदर्य और अस्तित्व को सुरक्षित रखते हुए पर्यटन विकास का लक्ष्य कैसे पूरा होगा? उन्होंने आशंका जताई कि यदि इस दिशा में समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से पहले ही मोतीझरना के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो सकता है।
भाजपा प्रखंड अध्यक्ष के अनुसार, पर्यटन स्थल के विकास की योजना के साथ-साथ मोतीझरना के संरक्षण पर भी गंभीरता से विचार करना आवश्यक है। संबंधित विभाग को आसपास हो रहे खनन कार्य और हैवी ब्लास्टिंग के संभावित प्रभावों की जांच करनी चाहिए, ताकि प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके।
अब सवाल यह है कि क्या सरकार मोतीझरना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के साथ-साथ इसके प्राकृतिक अस्तित्व को बचाने के लिए भी ठोस कदम उठाएगी? पर्यटन विकास की पहल तभी सार्थक होगी, जब मोतीझरना की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
![]() |
| भाजपा प्रखण्ड अध्यक्ष बेटका सोरेन संवाददाता धनंजय हलदार |


