सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और युवाओं की भागीदारी पर दिया गया जोर
साहिबगंज महाविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का 58वां स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में साहिबगंज नगर परिषद के प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह थे। एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह एवं प्राध्यापकों द्वारा मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने एनएसएस क्लैप के माध्यम से अतिथि, प्राचार्य एवं प्राध्यापकों का अभिनंदन किया।
सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश:-
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल मंत्र मैं नहीं, बल्कि आप है। यह मंत्र स्वयं से पहले समाज और दूसरों के हित को रखने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निस्वार्थ सेवा की भावना को विकसित करने का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सेवा योजना की शुरुआत 24 सितंबर 1969 को महात्मा गांधी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना और सामुदायिक सहभागिता विकसित करने के उद्देश्य से की गई थी।
शिक्षकों ने एनएसएस के महत्व पर रखे विचार:-
कार्यक्रम में मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह, रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सोनू कुमार साहू तथा एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रिया सिंह एवं डॉ. अनु सुमन बड़ा ने एनएसएस की भूमिका, सेवा भावना एवं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में इसके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित:-
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय में संचालित प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आदिवासी कल्याण छात्रावास के पीजी सेमेस्टर-4 गणित के छात्र विजय किस्कू तथा राजनीति विज्ञान विभाग के यूजी सेमेस्टर-1 के छात्र बेटवा किस्कू को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में रणधीर कुमार एवं सोनू कुमार का योगदान महत्वपूर्ण रहा। एवं कार्यक्रम का मंच संचालन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनु सुमन बाडा ने किया। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न इकाइयों के स्वयंसेवक उपस्थित थे।

