साहिबगंज जिले के राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में शुक्रवार को फाइलेरिया (हाथीपांव) से प्रभावित उन दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई, जिन्हें चलने-फिरने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस पहल का उद्देश्य ऐसे लाभार्थियों के दैनिक जीवन को अधिक सुगम, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर बनाना है। इस दौरान कार्यक्रम में राजमहल विधायक प्रतिनिधि मो मारूफ उर्फ गुड्डू के द्वारा लाभार्थियों के बीच ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया। इस अवसर पर अनुमंडलीय अस्पताल उपाधीक्षक डॉ उदय टुडू, बीपीएम अमित कुमार, केटीएस डेनियल किस्कू, मनीष, पिरामल फाउंडेशन से सीनियर प्रोग्राम लीड श्रवण कुमार झा, प्रोग्राम मैनेजर ऐमन दास, प्रोग्राम ऑफिसर श्रीकांत पंडित, पंकज घोष सहित स्वास्थ्य विभाग एवं पिरामल फाउंडेशन के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि फाइलेरिया केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि समय पर उपचार और बचाव के अभाव में यह व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। इसलिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी और समय पर उपचार अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर लोगों को फाइलेरिया उन्मूलन के प्रति जागरूक करते हुए अपील की गई कि सामूहिक दवा सेवन (MDA) अभियान के दौरान सभी पात्र व्यक्ति स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जाने वाली फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन अवश्य करें। साथ ही मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए घर एवं आसपास साफ-सफाई रखें, जलभराव न होने दें तथा मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें। यदि किसी व्यक्ति के हाथ, पैर या अंडकोष में असामान्य सूजन दिखाई दे तो बिना देर किए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच एवं उपचार कराएं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने फाइलेरिया मुक्त साहिबगंज के निर्माण के लिए जनसहभागिता बढ़ाने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

