![]() |
| समाहरणालय सभागार |
साहिबगंज उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला समन्वय समिति की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में मुख्य रूप से वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग उपस्थित थे. बैठक में सर्वप्रथम आगामी राजकीय माघी पूर्णिमा मेला की तैयारियों की समीक्षा की गई. तथा मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. इसके पश्चात माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय में लंबित वादों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों में शीघ्र प्रतिशपथ पत्र दायर करने एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में कारा एवं न्यायालय सुरक्षा व्यवस्था तथा जिला सुरक्षा समिति से संबंधित बिंदुओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई.जिला टास्क फोर्स (खनन) की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पिछले बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की जानकारी ली. सभी प्रखंडों के अंचलाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत खनन मापी प्रतिवेदनों के आधार पर जहां अवैध अथवा निर्धारित क्षेत्र से बाहर खनन पाया गया. वहां संबंधित मामलों में खनन पदाधिकारी को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा में हिट एंड रन मामलों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने पर बल दिया गया. इसके अतिरिक्त फॉरेस्ट क्लियरेंस से संबंधित मामलों तथा भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा के क्रम में निर्माणाधीन तालाब, चेक डैम एवं जिणोॅधार से जुड़े कार्यों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. मौके पर उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, अनुमंडल पदाधिकारी साहेबगंज अमर जॉन आइन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार, डीसीएलआर राजमहल विमल सोरेन सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित थे.

