राजमहल झारखंड शिक्षा परियोजना, रांची के निर्देशानुसार शनिवार को राजमहल प्रखंड क्षेत्र के कसवा पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सैयद बाजार में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता रही। एवं सर्वसम्मति से अनिता कुमारी मुर्मू को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष एवं काजल देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) राजमहल द्वारा प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक कुमार गोविंद की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के साथ-साथ अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। पर्यवेक्षक ने उपस्थित अभिभावकों को विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए कहा कि समिति विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रों की नियमित उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिता कुमारी मुर्मू ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यालय के सर्वांगीण विकास, बच्चों की बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए सभी सदस्यों एवं शिक्षकों के साथ मिलकर कार्य करेंगे। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार घोष, देवी मरांडी, रोज लीना मुर्मू, सरस्वती देवी, सरिता मुर्मू, बीरेन तुरी सहित कई अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

