राजमहल मॉडल कॉलेज के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र महमूद रज़ा मनसिंघा निवासी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एमबीबीएस (MBBS) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए चयनित होकर महाविद्यालय और अपने परिवार तथा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में छात्र को सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने महमूद रज़ा को पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जो विद्यार्थी कठिन परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करते हैं, सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है। महमूद रज़ा की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
प्राचार्य डॉ. सिंह ने महमूद रज़ा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे तथा महाविद्यालय और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे। सम्मान प्राप्त करने के बाद महमूद रज़ा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा महाविद्यालय के शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास ही उनकी सफलता का आधार रहा। पिता मो सिराजुद्दीन ने प्राचार्य और कॉलेज परिवार का सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा इससे छात्रों का मनोबल आत्मविश्वास और प्रतिभा को पहचान मिलता है। छात्र की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे महाविद्यालय में उत्साह और खुशी का माहौल है। महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने महमूद रज़ा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने आशा व्यक्त की कि उनकी सफलता से महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होकर अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और संस्थान का नाम रोशन करेंगे।

